Delhi News: रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन की सॉलिड स्टेट फिजिक्स लेबोरेटरी ने अप्रेंटिस पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक उम्मीदवार 21 अगस्त 2026 तक ऑफलाइन माध्यम से अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। प्रशिक्षण दिल्ली के तिमारपुर स्थित संस्थान में दिया जाएगा।
यह अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण 12 महीने की अवधि का होगा। चयन के बाद उम्मीदवारों को सरकार के नियमानुसार हर महीने निश्चित वजीफा दिया जाएगा। प्रयोगशाला की आवश्यकता के अनुसार पदों की कुल संख्या में बदलाव भी किया जा सकता है।
विभिन्न पदों के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता
आईटीआई अप्रेंटिस के लिए 10वीं पास के साथ संबंधित ट्रेड में प्रथम श्रेणी का प्रमाणपत्र होना आवश्यक है। इसमें फिटर, इलेक्ट्रिशियन, मशीनिस्ट और कोपा जैसे ट्रेड शामिल हैं। डिप्लोमा अप्रेंटिस के लिए प्रथम श्रेणी में संबंधित इंजीनियरिंग विषय में डिप्लोमा होना अनिवार्य है।
ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए बीएससी, बीकॉम, बीए या बीई-बीटेक की डिग्री प्रथम श्रेणी में होना अनिवार्य है। इस भर्ती प्रक्रिया में केवल 2022 से 2026 के बीच नियमित माध्यम से उत्तीर्ण होने वाले अभ्यर्थी ही आवेदन के पात्र माने जाएंगे।
आवेदन प्रक्रिया और ध्यान रखने योग्य बातें
आवेदन करने से पहले डिप्लोमा और ग्रेजुएट उम्मीदवारों का नेट्स पोर्टल पर और आईटीआई उम्मीदवारों का अप्रेंटिसशिप इंडिया पोर्टल पर पंजीकरण होना जरूरी है। अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन फॉर्म भरकर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ डाक द्वारा दिल्ली भेजना होगा।
आवेदन भेजने का पता: निदेशक, सॉलिड स्टेट फिजिक्स लेबोरेटरी (SSPL), डीआरडीओ, लखनऊ रोड, तिमारपुर, दिल्ली – 110054 है। अभ्यर्थियों को ध्यान रखना होगा कि यह केवल एक वर्ष का प्रशिक्षण है और इसके बाद स्थायी नौकरी का कोई दावा मान्य नहीं होगा।