Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के थुरल और योल कैंट स्कूलों में अंडर-14 लड़के और लड़कियों की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं की शुरुआत हो गई है। थुरल में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण चौधरी और योल कैंट में देवेंद्र जग्गी ने बतौर मुख्य अतिथि दीप प्रज्वलित कर खेल उत्सवों का औपचारिक शुभारंभ किया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थुरल में आयोजित तीन दिवसीय खेल महोत्सव में मुख्य अतिथि ने दीप जलाकर, खेल ध्वज फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। स्कूल की प्रधानाचार्य अनुपम बाला और उपप्रधानाचार्य लेख राज ने मुख्य अतिथि का शॉल व टोपी पहनाकर स्वागत किया।
थुरल में प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों के बीच वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, खो-खो और शतरंज के कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्य, स्कूल का पूरा स्टाफ और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण बच्चों का उत्साह बढ़ाने पहुंचे।
दूसरी ओर, राजकीय उच्च विद्यालय योल कैंट में सत्र 2026-27 के लिए ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता शुरू हुई। मुख्य अतिथि देवेंद्र जग्गी ने दीप जलाकर इसका उद्घाटन किया। इस स्पर्धा में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए नन्हे खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
योल कैंट में मुख्याध्यापक राजिंद्र प्रसाद ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में हरभजन सिंह भज्जी, सुरेश धीमान, हरीश, बॉबी गोस्वामी, संजीव संहौता, जयपाल, ओंकार चंद, विनोद राणा और पंकज मेहरा मौजूद रहे। मुख्य अतिथि देवेंद्र जग्गी ने कहा कि खेलों में जीत से ज्यादा खेल भावना जरूरी है।