Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। थाना कलां के मंझेड़ गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। बदमाशों ने सो रहे परिवार को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद शातिर घर से 14 लाख रुपये की नकदी और गहने लेकर फरार हो गए।
मंझेड़ गांव निवासी विक्रम सिंह का परिवार बुधवार रात खाना खाकर सो गया था। देर रात अज्ञात चोर मकान के पीछे लगे लोहे की ग्रिल को उखाड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने पहले कमरे में सो रहे लोगों को कोई नशीला पदार्थ सुंघाया। इससे परिवार के सभी लोग गहरी नींद में सो गए।
चोरों ने अलमारी के ताले तोड़कर उड़ाए लाखों रुपये
इसके बाद शातिर चोरों ने बेखौफ होकर अलमारी के ताले तोड़ दिए। अलमारी में रखे 2 लाख रुपये नकद और करीब 12 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। सुबह नशे का असर कम होने पर जब परिवार के सदस्य उठे तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शुरू की जांच आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही
सूचना मिलते ही थाना कलां पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मौके से जरूरी सबूत जुटा रही है। आरोपियों की पहचान के लिए मुख्य रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।