उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का बड़ा ऐलान, कहा- बिजली उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा ऊना जिला

Share

- Advertisement -

Una News: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि ऊना जिला आने वाले समय में बिजली उत्पादन के क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित करेगा। जिले में लगभग 220 मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें सौर ऊर्जा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के खड्ड में विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि एक समय था जब बिजली उत्पादन को केवल पहाड़ी क्षेत्रों और नदियों तक ही सीमित माना जाता था, लेकिन हमने यह दृढ़ संकल्प लिया कि मैदानी इलाके ऊना में भी बिजली पैदा करके दिखाएंगे। आज जिला इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और सौर ऊर्जा के माध्यम से 75 मेगावाट क्षमता के प्लांट स्थापित करने में सफलता मिली है।

33 केवी विद्युत उपकेंद्र और नए पुल का शिलान्यास

दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री ने हरोली के खड्ड में 5.79 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 33 केवी विद्युत उपकेंद्र के आधुनिकीकरण एवं उन्नयन कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र की लगभग 14 पंचायतों के 15,000 लोगों को बिजली की अघोषित कटौती से बड़ी राहत मिलेगी। विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए इस कार्य को आगामी गर्मियों से पहले पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसके साथ ही उन्होंने 37.48 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित विद्युत उपमंडल खड्ड के भवन का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया। इसके अलावा, चंदपुर खड्ड पर 3.82 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 60 मीटर लंबे चंदपुर-ललड़ी पुल का भी शिलान्यास किया गया, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में खासी सुविधा मिलेगी।

विद्युत बुनियादी ढांचे को किया जा रहा मजबूत

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि ऊना जिले में विद्युत आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए बड़े पैमाने पर कार्य चल रहे हैं। जिले में तीन 220 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें एक बाथू में, दूसरा बीत में और तीसरा पेखूबेला में बन रहा है।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणजीत राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरोली के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, ग्राम पंचायत भैणी खड्ड की प्रधान वंदना कुमारी, खड्ड की प्रधान उर्मिला, लोअर पंजाबर की प्रधान, एडवोकेट वीरेंद्र मनकोटिया और विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता दर्शन सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News