Shimla News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को ‘चालान 2 पे’ सेवा की शुरुआत की। इस नई व्यवस्था से लोग मौके पर ही चालान का सुरक्षित और रियल-टाइम डिजिटल भुगतान कर सकेंगे। इससे सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से निजात मिलेगी और राजस्व संग्रह में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
डिजिटल भुगतान को सुगम बनाने के लिए एक्सिस बैंक परिवहन अधिकारियों को पॉइंट-ऑफ-सेल (पीओएस) मशीनें उपलब्ध करा रहा है। इससे हर लेन-देन का डिजिटल रिकॉर्ड रहेगा और पैसा सीधे सरकारी खजाने में जमा होगा। इससे नकद लेन-देन खत्म होगा और राजस्व में होने वाले नुकसान की आशंका भी पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।
परिवहन समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि एचआरटीसी को 1500 नई ई-बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। इन बसों की न्यूनतम रेंज 350 किलोमीटर होगी, जो राज्य के कठिन रास्तों के अनुकूल रहेंगी। उन्होंने बताया कि निगम को 297 ई-बसें पहले ही दी जा चुकी हैं ताकि परिवहन प्रणाली को अधिक आधुनिक बनाया जा सके।
राज्य सरकार हिमाचल में ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए 100 हाइड्रोजन चालित और 100 सुपर डीलक्स बसें भी खरीदेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रदेशभर में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का काम तेज करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही ऊना जिले और नालागढ़ के आरएम कार्यालय को पूरी तरह इलेक्ट्रिक बसों से संचालित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि परिवहन विभाग का राजस्व वर्ष 2021-22 के 510 करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 995 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने विभाग में खाली पड़े पदों को जल्द भरने का भी भरोसा दिया। वहीं उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि ई-बसें चलने से एचआरटीसी को प्रति किलोमीटर 18.19 रुपये की सीधी बचत हो रही है।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार चंद शर्मा, परिवहन निदेशक नीरज कुमार और एचआरटीसी प्रबंध निदेशक शिवम प्रताप सिंह भी शामिल रहे। इनके अलावा एक्सिस बैंक के राज्य प्रमुख वरुण शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। सभी अधिकारियों ने राज्य में डिजिटल प्रणाली और पर्यावरण अनुकूल परिवहन को तेजी से लागू करने पर चर्चा की।
