Jaipur News: राजस्थान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ अपने एक ताजा बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। पाकिस्तान को लेकर दिए गए उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले पर अब मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से जवाब मांगा है।
वायरल वीडियो में कही पड़ोसी के साथ खड़े होने की बात
वायरल वीडियो में राठौड़ कहते सुनाई दे रहे हैं कि यदि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध हुआ, तो पड़ोसी होने के नाते हम पाकिस्तान के साथ हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारत और पाकिस्तान के बीच टकराव की स्थिति में देश पूरी तरह भारत के साथ रहेगा। उनका यह अजीबोगरीब तर्क सामने आते ही सियासी हलकों में हंगामा मच गया।
यह बयान राठौड़ ने जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिया। वह पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। भाषण के दौरान पड़ोसियों के साथ संबंध निभाने का उदाहरण देते हुए उन्होंने पाकिस्तान का जिक्र किया, जिस पर अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने उठाए तीखे सवाल, कार्रवाई की मांग
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने इस बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह इस विचार से सहमत हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि जहां से लगातार भारतीय सैनिकों और नागरिकों पर हमले होते रहे हैं, उस देश के समर्थन की बात करना बेहद आपत्तिजनक है।
कांग्रेस ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। पार्टी का कहना है कि यह बयान राष्ट्रीय सुरक्षा और देश की नीति के लिहाज से बेहद संवेदनशील है। हालांकि, इस पूरे विवाद और कांग्रेस के आरोपों को लेकर भाजपा संगठन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान या स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है।
