Solan News: डॉ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी ने छात्रों के भारी विरोध और विचार-विमर्श के बाद नए शैक्षणिक सत्र के लिए संशोधित फीस संरचना जारी कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यूजी और पीजी दोनों स्तरों पर नॉर्मल व सेल्फ फाइनेंसिंग सीटों का शुल्क काफी घटा दिया है।
संशोधित दरों के तहत स्नातक (यूजी) सामान्य सीट की फीस 68,700 रुपये से घटाकर 49,500 रुपये तय की गई है। इसमें छात्रों को सीधे 19,200 रुपये की छूट मिलेगी। इसी तरह यूजी सेल्फ फाइनेंसिंग सीट की फीस 1.27 लाख रुपये से घटाकर 99,990 रुपये कर दी गई है, जिसमें 28,010 रुपये की राहत मिली है।
पीजी और अन्य शुल्क में भी की गई भारी कटौती
स्नातकोत्तर (पीजी) सामान्य सीट की फीस अब 87,000 रुपये से घटकर 55,000 रुपये हो गई है, जिससे छात्रों को 32,000 रुपये की बचत होगी। वहीं पीजी सेल्फ फाइनेंसिंग सीट का शुल्क 1.42 लाख रुपये से घटाकर 1.05 लाख रुपये कर दिया गया है। इस श्रेणी में कुल 37,000 रुपये की कटौती की गई है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने एडमिशन फीस भी 15,000 रुपये से घटाकर 7,000 रुपये कर दी है। इसके अलावा प्लेसमेंट फीस 300 रुपये और रिफंडेबल कॉलेज सिक्योरिटी 1,000 रुपये कर दी गई है। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी सुचेत अत्री ने बताया कि यह नया फीस ढांचा शैक्षणिक सत्र से प्रभावी रूप से लागू होगा।