Baddi News: हिमाचल प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ने वाले पिंजौर-बद्दी-नालागढ़ फोरलेन प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य अब तेज होगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने शेष कार्य के लिए 378.48 करोड़ रुपये का लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (एलओए) जारी किया है। भाजपा राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने इस कदम का स्वागत किया है।
यह कार्य पिंजौर बाईपास से बद्दी-नालागढ़ सेक्शन (किमी 4+200 से 34+500) तक एनएच-21ए (नया एनएच-105) पर ईपीसी मोड में किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट को 30 जुलाई 2026 को मंजूरी मिली थी। परियोजना की कुल लागत 378.48 करोड़ रुपये तय की गई है।
सांसद हर्ष महाजन ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य में सड़कों के नेटवर्क को तेजी से मजबूत कर रही है। फोरलेन बनने से बद्दी के औद्योगिक क्षेत्र में माल की ढुलाई सुगम होगी। इससे राज्य में नया निवेश आएगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल में नेशनल हाईवे के निर्माण और बेहतर रखरखाव पर विशेष ध्यान दे रही है। हाल ही में राज्य के कई प्रमुख हाईवे से जुड़ी अहम अधिसूचनाएं भी जारी की गई हैं। इससे सड़कों की गुणवत्ता और आवाजाही में काफी सुधार देखने को मिलेगा।
हर्ष महाजन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और एनएचएआई का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के लोगों को आधुनिक और सुरक्षित सड़कें उपलब्ध कराना है, ताकि राज्य के समग्र विकास को और अधिक गति मिल सके।