Sirmaur News: हिमाचल पथ परिवहन निगम के राजगढ़ सब-डिपो में तैनात अड्डा प्रभारी एवं परिचालक सुरेंद्र ठाकुर का गुरुवार सुबह हृदय गति रुकने से निधन हो गया। नाइट ड्यूटी खत्म कर वे सोने गए थे, लेकिन सुबह उठ नहीं सके।
स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण उन्हें परिचालक से हटाकर अड्डा प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई थी। वे हाल ही में छुट्टी से ड्यूटी पर लौटे थे। सुबह जगाने पहुंचे चालक को वे अचेत मिले। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जिस बस में वर्षों दी सेवाएं, उसी बस से भेजी गई पार्थिव देह
पोस्टमार्टम के बाद निगम कर्मचारियों ने पार्थिव शरीर को उसी बस से उनके पैतृक गांव भेजा, जिसमें उन्होंने लंबे समय तक सेवाएं दी थीं। सहकर्मियों ने बस को फूलों से सजाकर साथी को अंतिम विदाई दी। यह दृश्य देखकर सभी की आंखें नम हो गईं।
जुब्बल गांव निवासी सुरेंद्र ठाकुर अपने सरल स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठा के लिए लोकप्रिय थे। परिवहन निगम प्रबंधन ने शोक संतप्त परिवार को 10 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की है। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।