Shimla News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में बुधवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहाँ एक अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से तीन साल की बच्ची की जान चली गई, जबकि उसकी दादी गंभीर घायल हो गईं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुँचकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
आंगनबाड़ी से लौटते समय पिकअप ने पीछे से मारी टक्कर
यह घटना ठियोग क्षेत्र के चाटोग-सिंखुरी मार्ग पर हुई। तीन वर्षीय मृतका की पहचान दिव्यांशी के रूप में हुई है। महिला मीरा उर्फ शकुंतला अपनी पोती को आंगनबाड़ी से लेकर पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप (HP 63A-4318) ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत चियोग अस्पताल पहुँचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें एंबुलेंस से आईजीएमसी शिमला रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर आरोपित चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।