शिमला में स्मार्ट सिटी की चार प्रमुख पार्किंग का शुल्क घटाने की तैयारी, स्थानीय लोगों और पर्यटकों को मिलेगी बड़ी राहत

Share

- Advertisement -

Shimla News: शिमला नगर निगम ने स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बनी चार प्रमुख पार्किंग के शुल्क को कम करने का फैसला किया है। इस कदम से स्थानीय वाहन चालकों और बाहर से आने वाले पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सभी पार्किंग स्थलों का पूरा इस्तेमाल सुनिश्चित करना है।

स्मार्ट सिटी परियोजना के जरिए शहर के अंदर वाहनों को व्यवस्थित खड़ा करने के लिए आधुनिक पार्किंग बनाई गई हैं। इनमें कसुम्पटी स्थित एसीपी परिसर में 350 गाड़ियां खड़ी हो सकती हैं। वहीं ऑकलैंड में 145, संजौली में 105 और टूटीकंडी में 90 वाहनों की क्षमता तैयार की गई है।

सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी करने से लगता था जाम

इन नई पार्किंग में निर्धारित शुल्क सामान्य दरों से कई गुना अधिक रखा गया था। इसी वजह से वाहन चालक अधिक पैसे देने के बजाय सड़क किनारे गाड़ी पार्क कर रहे थे। सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण रोजाना शहर में भयंकर ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा हो रही थी।

पहले लागू नियमों के अनुसार कार चालकों से दो घंटे के लिए 50 रुपये और चार घंटे के 75 रुपये लिए जाते थे। इसके अलावा छह घंटे के 100 रुपये, 12 घंटे के 150 रुपये तथा 24 घंटे के 200 रुपये तय थे। बड़े वाहनों से इससे भी अधिक पैसे लिए जा रहे थे।

सस्ती दरों से पार्किंग का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा

राजधानी में बहुमंजिला और ओपन दोनों तरह की पार्किंग तैयार की गई हैं। इनमें घरेलू और व्यावसायिक गाड़ियों के लिए अलग-अलग रेट रखे गए थे। अब नगर निगम जल्द ही प्रक्रिया पूरी करके दरों को घटाएगा, ताकि आम लोग आसानी से इन आधुनिक पार्किंग का लाभ उठा सकें।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News