नेरवा में नई अग्निशमन चौकी का हुआ वर्चुअल उद्घाटन, मुख्यमंत्री सुक्खू ने दी शिमला जिले को बड़ी सौगात

Share

- Advertisement -

Shimla News: मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला से वर्चुअल माध्यम द्वारा नेरवा में नई अग्निशमन चौकी का लोकार्पण किया। इससे आग और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान स्थानीय स्तर पर तुरंत राहत मिल सकेगी। इस नई सुविधा से क्षेत्र की लगभग 55 हजार की आबादी को सीधा लाभ पहुंचेगा।

सीएम ने कहा कि सरकार ग्रामीण इलाकों में शहरों जैसी आधुनिक सुविधाएं देने के लिए लगातार काम कर रही है। नेरवा की नई चौकी से आपात स्थिति में अब तुरंत मदद मिलेगी। यहां जल्द ही दो अग्निशमन वाहन भी तैनात किए जाएंगे, जिससे राहत कार्य अधिक तेजी से संभव हो सकेगा।

यह अग्निशमन चौकी केवल आग बुझाने तक ही सीमित नहीं रहेगी। भारी बारिश, लैंडस्लाइड और अन्य इमरजेंसी में भी यह सेंटर राहत और बचाव कार्य संभालेगा। नेरवा में लकड़ी के मकान, व्यापारिक दुकानें और सेब के बड़े-बड़े बागीचे हैं, जिन्हें त्वरित सुरक्षा मिलना बेहद आवश्यक है।

इससे पहले नेरवा में कोई बड़ा हादसा होने पर चौपाल, देहा, ठियोग या शिमला से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मंगवानी पड़ती थीं। दूर क्षेत्रों से वाहनों को पहुंचने में घंटों लग जाते थे। अब लोकल लेवल पर चौकी बनने से हादसों के समय राहत कार्य बहुत तेजी से शुरू हो सकेगा।

सरकार ने इस अग्निशमन चौकी के सही संचालन के लिए 17 नए पोस्ट मंजूर किए हैं। इसके अलावा 59 लाख रुपये की लागत से खरीदा गया एक वाटर टेंडर टाइप-बी वाहन भी नेरवा को दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कदम से इलाके की पूरी सिक्योरिटी व्यवस्था मजबूत होगी।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए नेरवा में मिल्क प्लांट की स्थापना की जाएगी। इसके लिए आवश्यक बजट और एफसीए क्लियरेंस की प्रक्रिया जारी है। प्रशासनिक कामकाज को आसान बनाने के लिए चौपाल, नेरवा और कुपवी में मिनी सचिवालय के लिए दो-दो करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News