Shimla News: शिमला जिले के कुमारसैन में ऑनलाइन कमाई के नाम पर एक व्यक्ति से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने फेसबुक पर फर्जी ट्रेडिंग ऐप का विज्ञापन दिखाकर पीड़ित को फंसाया और कुल 7.82 लाख रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फेसबुक विज्ञापन के जरिए पीड़ित को अपने जाल में फंसाया
कुमारसैन उपमंडल के कवाणू गांव निवासी सुनील मेहता साइबर ठगी का शिकार बने हैं। पीड़ित ने फेसबुक पर एक ट्रेडिंग ऐप का विज्ञापन देखा था, जिसमें पैसे जल्दी दोगुने करने का दावा किया गया था। इस लुभावने ऑफर के चक्कर में आकर सुनील ने ठगों के बताए खातों में अलग-अलग किस्तों में पैसे भेज दिए।
पीड़ित ने मुनाफा पाने की उम्मीद में कुल 7,82,668 रुपये जमा करवा दिए। जब काफी समय बीत जाने पर भी उन्हें कोई रिटर्न नहीं मिला और जमा रकम की निकासी बंद हो गई, तब उन्हें धोखाधड़ी का अहसास हुआ। इसके बाद पीड़ित ने तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज करवाईं।
साइबर क्राइम स्टेशन से कुमारसैन पुलिस स्टेशन केस ट्रांसफर
प्राथमिक शिकायतों के आधार पर सबसे पहले साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन शिमला में जीरो एफआईआर दर्ज की गई। चूंकि यह मामला कुमारसैन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है, इसलिए आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए केस ट्रांसफर कर दिया गया। कुमारसैन पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज किया है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पूरी सतर्कता से जांच कर रही है। पुलिस टीम अब साइबर ट्रेल के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। इसके तहत पीड़ित द्वारा किए गए निवेश की प्रक्रिया, बैंक खातों के ट्रांजैक्शन और रकम प्राप्त करने वाले खातों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।