Shimla News: राजधानी शिमला में करोड़ों रुपये के भूमि विवाद और धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। चौपाल के जोड़ना पंचायत निवासी प्रदीप कुमार ने शनिवार को एसएसपी शिमला गौरव सिंह से मुलाकात की। उन्होंने चार लोगों के खिलाफ शिकायत सौंपकर निष्पक्ष आपराधिक जांच और मामला दर्ज करने की गुहार लगाई है।
अदालत के नाम पर अफवाह फैलाने का आरोप
शिकायतकर्ता ने संदीप कुमार, उनकी पत्नी रेखा, पुत्र वंश लूथरा और सहयोगी लवप्रीत पर झूठी खबरें फैलाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपियों ने हाईकोर्ट के नाम का गलत इस्तेमाल कर भ्रामक मैसेज फैलाए। इनमें झूठा दावा किया गया कि कोर्ट ने जमीन विरोधी पक्ष को देने का आदेश दिया है।
शिकायत के अनुसार पूर्व में हुए समझौते के तहत limited General Power of Attorney दी गई थी। आरोप है कि जीपीए का गलत इस्तेमाल कर राजगढ़ की करीब 61.02 बीघा जमीन बेटे के नाम ट्रांसफर कर दी गई। इसके अलावा नाबालिग बेटे के खाते से 79 लाख के फर्जी ऑनलाइन ट्रांजैक्शन दिखाने का भी आरोप है।
दो अलग-अलग जिलों में एफआईआर दर्ज कराने का दावा
पीड़ित का कहना है कि उन्हें परेशान करने के लिए मोहाली और कंडाघाट में एक ही मामले को लेकर दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कराई गईं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि लवप्रीत नाम के व्यक्ति ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित ने एसएसपी शिमला से सभी साक्ष्यों की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।