Delhi News: हिमाचल प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विवेक भाटिया को केंद्र सरकार में अहम जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें नई दिल्ली स्थित युवा कार्यक्रम विभाग में निदेशक पद पर नियुक्त किया गया है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत इस नियुक्ति के आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
पांच साल के लिए केंद्र में हुई नियुक्ति
डीओपीटी के आदेश के अनुसार विवेक भाटिया की यह नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से पांच वर्ष या अगले आदेश तक लागू रहेगी। केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि अधिकारी को तुरंत वर्तमान जिम्मेदारियों से कार्यमुक्त किया जाए ताकि वे नई भूमिका संभाल सकें।
समय पर पदभार संभालना होगा अनिवार्य
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नियुक्ति पत्र जारी होने के तीन हफ्तों के भीतर उन्हें नए पद पर जॉइन करना होगा। यदि अधिकारी निर्धारित समय में पदभार नहीं संभालते हैं, तो केंद्रीय स्टाफिंग योजना के नियमों के तहत उन्हें डिबार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
विवेक भाटिया के पास प्रशासनिक अनुभव
वर्ष 2011 बैच के आईएएस अधिकारी विवेक भाटिया मूल रूप से हमीरपुर जिले के रहने वाले हैं। वे वर्तमान में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान निजी सचिव और उद्योग विभाग के निदेशक का काम देख रहे हैं। इससे पहले वे लाहौल स्पीति, चंबा और बिलासपुर के उपायुक्त रह चुके हैं।
हिमाचल कैडर से 25 अफसर केंद्र में
हिमाचल प्रदेश में आईएएस अधिकारियों का कुल स्वीकृत कैडर 153 पदों का है। विवेक भाटिया की इस नियुक्ति के बाद केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर तैनात हिमाचल कैडर के अफसरों की कुल संख्या बढ़कर 25 हो गई है। हाल ही में कैडर के कई अन्य अधिकारियों को भी केंद्र में अहम पद मिले हैं।
केंद्र में हिमाचल कैडर की बढ़ी मौजूदगी
हाल के दिनों में राज्य के कई अधिकारियों को केंद्र में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इससे पहले आईएएस निपुण जिंदल को आर्थिक मामलों के विभाग में उप सचिव बनाया गया था। इसके अलावा आईएएस राकेश कुमार प्रजापति को डीपीआईआईटी में निदेशक के पद पर नियुक्त किया जा चुका है।