हिमाचल प्रदेश में अगले 24 घंटे भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट, सात जिलों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश में आगामी 24 घंटे के दौरान भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों ने भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की गंभीर चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 30 जुलाई तक राज्य में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है।

चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन में अगले 24 घंटे में बाढ़ की चेतावनी है। मौसम के खतरे को देखते हुए सिरमौर जिले के नाहन उपमंडल में 29 जुलाई को सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों को पूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है।

सिरमौर में भारी बारिश का अलर्ट और स्कूल बंद

सिरमौर जिले में 29 जुलाई को रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी है। नाहन के एसडीएम ने खतरे को देखते हुए उपमंडल के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य में 3 अगस्त तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इस दौरान ऑरेंज और यलो अलर्ट रहेगा।

मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के सख्त निर्देश दिए हैं। मंगलवार को राजधानी शिमला सहित राज्य के अधिकांश इलाकों में रुक-रुक कर बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में भी भारी गिरावट आई है।

चंबा में भूस्खलन से तबाही और सड़कें ठप

चंबा जिले के भडियाड़ और ओबड़ी मोहल्ला में नाले उफान पर आ गए। मलबे और पानी के घरों में घुसने से हड़कंप मच गया और लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। चंबा में 50 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि भूस्खलन की चपेट में आने से करीब 10 वाहन मलबे में दब गए।

पहाड़ों से मलबा गिरने के कारण पूरे प्रदेश में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस समय राज्य में करीब 108 मुख्य और संपर्क सड़कें पूरी तरह बंद हैं। संबंधित विभाग सड़कों को फिर से खोलने के लिए लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News