Shimla News: हिमाचल प्रदेश में अगस्त और सितंबर के दौरान मानसून की स्थिति असमान रहने वाली है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार लाहुल स्पीति, चंबा और उत्तरी किन्नौर में सामान्य से अधिक बारिश होगी। उत्तरी कुल्लू में सामान्य और बाकी हिस्सों में कम बारिश के आसार हैं। प्रदेश में अब तक 9% अधिक बारिश दर्ज हुई है।
7 अगस्त तक मूसलाधार बारिश का खतरा बरकरार
राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में अगस्त के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। लाहुल स्पीति और बिलासपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने 7 अगस्त तक लगातार मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय मानसून ट्रफ के कारण अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है।
पंडोह में सबसे ज्यादा 45 मिमी वर्षा दर्ज
बीते 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। मंडी के पंडोह में सबसे ज्यादा 45 मिमी, शिमला में 36.3 मिमी, सराहन में 35.3 मिमी और जोत में 30.8 मिमी बारिश हुई। सुंदरनगर और मुरारी देवी के इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। शिमला के ओकओवर के पास पेड़ गिरने से ट्रैफिक बाधित हुआ।
दिन के तापमान में चार डिग्री तक की बढ़ोतरी
बारिश के बीच प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल दर्ज किया गया है। ऊना में 4.4 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ पारा 36.4 डिग्री पहुंच गया, जो सबसे अधिक रहा। वहीं केलंग में तापमान 3.5 डिग्री बढ़कर 24.6 डिग्री और चंबा में 4.5 डिग्री बढ़कर 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।