Shimla News: हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त से 3 सितंबर तक चलेगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने जानकारी दी कि सत्र के लिए कुल 1,026 प्रश्न मिले हैं। सदन को सुचारू चलाने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है, लेकिन विपक्ष के तीखे तेवरों से हंगामे के पूरे आसार हैं।
विधानसभा सचिवालय को 18 अगस्त तक ऑनलाइन माध्यम से सभी प्रश्न प्राप्त हुए हैं। इनमें तारांकित और अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। विधायकों ने स्वास्थ्य और शिक्षण संस्थानों में खाली पदों, बुनियादी ढांचे के नुकसान तथा जनहित से जुड़े अन्य जरूरी मुद्दों को उठाया है। सदन में इन सभी गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
विभिन्न नियमों के तहत मिलीं 50 सूचनाएं और 2 घंटे की विशेष चर्चा
सत्र के दौरान जनहित के मुद्दे उठाने के लिए सचिवालय को 50 विशेष सूचनाएं मिली हैं। इनमें 13 ध्यानाकर्षण सूचनाएं और नियम 130 के तहत 15 सूचनाएं शामिल हैं। नियम 130 के तहत स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता और नागरिक आपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण मामलों पर चर्चा के लिए सदन में कम से कम दो घंटे का समय निर्धारित रहेगा।
स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि सदन की कार्यप्रणाली लगातार 90 से 120 प्रतिशत के बीच रही है। सरकारी आश्वासनों की निगरानी के लिए एक ‘आश्वासन समिति’ बनाई जाएगी। इसके अलावा विशेषाधिकार के 5 से 7 मामले ही लंबित हैं, जबकि याचिका समिति ने 120 याचिकाओं में से 75 मामलों में लोगों को राहत दी है।