Shimla News: कांग्रेस सरकार के मंत्री जगत सिंह नेगी के भारतीय सेना को लेकर दिए गए बयान के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा ने शिमला के सीटीओ चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। पुतला जलाने की कोशिश के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की हुई, जिसमें भाजपा ने पुलिस पर हाथापाई और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया है।
मंगलवार को शिमला भाजपा के नेतृत्व में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सीटीओ चौक पर मंत्री जगत सिंह नेगी के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान जगत सिंह नेगी का पुतला जलाने की कोशिश को लेकर पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की हो गई।
जब पुलिस ने कार्यकर्ताओं को पुतला जलाने से रोकने का प्रयास किया, तब हालात तनावपूर्ण हो गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक खींचतान चलती रही। भाजपा ने आरोप लगाया कि पुलिस जवानों ने कार्यकर्ताओं के साथ हाथापाई की और कई कार्यकर्ताओं के कपड़े तक फाड़ दिए। धक्कामुक्की में भाजपा जिला महामंत्री के कपड़े भी फटने की बात कही गई।
सेना के सम्मान और बयानबाजी पर भाजपा ने जताई नाराजगी
भाजपा जिलाध्यक्ष केशव चौहान की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन में जिला युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंत्री के बयान पर कड़ी नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सैनिकों के बलिदान और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला बयान किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मंत्री ने पाकिस्तान की सेना की तारीफ करते हुए भारतीय सेना के पराक्रम पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान से देश के सैनिकों और उनके परिवारों की भावनाएं आहत हुई हैं।
केशव चौहान ने कहा कि मंत्री जगत सिंह नेगी के बयान पर मुख्यमंत्री और कांग्रेस के अन्य नेता पर्दा डालने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे कांग्रेस पार्टी की मंशा जाहिर होती है। उन्होंने कहा कि सेना के शौर्य और सम्मान को कम करके आंकने वाली बयानबाजी दुर्भाग्यपूर्ण है और भाजपा इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी।
प्रदर्शन में ये पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस मौके पर प्रदेश भाजयुमो महामंत्री सुशील कदशोली, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी करण नंदा और सह मीडिया प्रभारी रमा ठाकुर मौजूद रहे। इनके अलावा जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष रीना शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सुशील चौहान, जिला मीडिया विभाग प्रमुख वीरेंद्र शर्मा, जिला सचिव हनीश चोपड़ा तथा मीडिया प्रभारी किशोर ठाकुर भी शामिल हुए।
प्रदर्शन में यशपाल ठाकुर, पारुल शर्मा, जय लाल ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।