Mandi News: जापान के एची-नगोया में जारी एशियन गेम्स 2026 में हिमाचल प्रदेश के धावक सावन बरवाल ने ऐतिहासिक कामयाबी दर्ज की है। मंडी जिले के जोगिंद्रनगर निवासी सावन ने पुरुषों की मैराथन स्पर्धा में जबरदस्त प्रदर्शन कर रजत पदक हासिल किया। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन से देश और प्रदेश में जश्न का माहौल है।
राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाकर 44 साल बाद दिलाया मैराथन मेडल
पुरुषों की इस चुनौतीपूर्ण मैराथन स्पर्धा में सावन बरवाल ने 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड का शानदार समय दर्ज किया। यह समय उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शन रहा, जिसके साथ ही उन्होंने नया नेशनल रिकॉर्ड भी स्थापित कर दिया। इस रेस में सावन की गति और तकनीक बेहद सटीक रही।
सावन की इस यादगार उपलब्धि के साथ ही एशियन गेम्स मैराथन स्पर्धा में पदक का 44 वर्षों का लंबा इंतजार खत्म हो गया। भारत ने इससे पूर्व 1982 के नई दिल्ली एशियन गेम्स में मैराथन पदक जीता था। सावन के इस शानदार प्रदर्शन ने भारतीय एथलेटिक्स इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।
अंतरराष्ट्रीय ट्रैक पर मिली इस ऐतिहासिक सफलता से सावन के गृह क्षेत्र जोगिंद्रनगर सहित समूचे हिमाचल प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई है। जोगिंद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा, पूर्व मंत्री ठाकुर गुलाब सिंह और पूर्व विधायक सुरेंद्र पाल ठाकुर ने सावन की इस अभूतपूर्व जीत पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज जम्वाल और सावन के एथलेटिक्स कोच गोपाल ठाकुर ने भी उन्हें बधाई दी। जोगिंद्रनगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष भास्कर गुप्ता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सावन की यह शानदार जीत क्षेत्र के युवा एथलीटों के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत बनेगी।