सोलन में एसएफआई का राज्य स्तरीय छात्रा अधिवेशन संपन्न, पूजा बनीं संयोजक और कृतिका को मिली सह-संयोजक की जिम्मेदारी

Share

- Advertisement -

Solan News: स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की हिमाचल प्रदेश राज्य समिति ने सोलन स्थित ओल्ड बस स्टैंड के पास अग्रवाल धर्मशाला में राज्य स्तरीय छात्रा अधिवेशन का सफल आयोजन किया। इसमें प्रदेश के करीब 120 शैक्षणिक संस्थानों और कॉलेजों से 150 से अधिक छात्राओं ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

अधिवेशन में छात्राओं की बेहतर शिक्षा, सुरक्षा, समानता, नेतृत्व और प्रदेश में छात्रा आंदोलन को सशक्त करने जैसे प्रमुख विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों और जुझारू साथियों को श्रद्धांजलि देकर हुई। मुख्य मंच का नाम दिवंगत साथी सिया गुलेरिया और हॉल का नाम शिक्षाविद बलराज भलूणी के नाम रखा गया।

बैठक में छात्राओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं और अनुभवों को साझा किया। शिक्षण संस्थानों में बढ़ती चुनौतियों, लैंगिक भेदभाव, हॉस्टल की कमी, सुरक्षा चिंताओं, महंगी फीस, निजीकरण, बस सेवा की कमियों और परिसरों में लोकतांत्रिक अधिकारों पर गंभीर मंथन किया गया। प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।

सम्मेलन में राज्य भर में छात्रा उप-समितियों के विस्तार और नए संस्थानों में संगठन खड़ा करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा नशे के बढ़ते प्रसार, छात्राओं के खिलाफ हिंसा, शिक्षा के बाजारीकरण और पितृसत्तात्मक मानसिकता के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान चलाने का संकल्प पारित किया गया।

अधिवेशन के दौरान 25 सदस्यीय राज्य छात्रा उप-समिति का चुनाव हुआ। इसमें कोमल, निशुति, सोनिया, वीणा, हेमलता, गरिमा, मुस्कान, कृतिका, रेनुका, पूजा, अंकिता, ईशा और तन्वी शामिल हैं। सर्वसम्मति से पूजा को संयोजक और कृतिका को सह-संयोजक चुना गया। संगठन ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News