दीपावली से पहले सरकाघाट बाजार में खाद्य पदार्थों की शुद्धता और स्वच्छता को लेकर उठी चिंता

Share

- Advertisement -

Sarkaghat News: दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही हिमाचल प्रदेश के सरकाघाट बाजार में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग में तेजी आ गई है। हालांकि, मिठाइयों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। बाजार में मिलावटी खाद्य सामग्री उपलब्ध होने की आशंका और बीमार कारीगरों द्वारा खाद्य पदार्थ तैयार किए जाने की खबरों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

बिना स्वास्थ्य प्रमाण पत्र के काम कर रहे हैं कारीगर

स्थानीय स्तर पर सामने आया है कि कई दुकानों में काम करने वाले कारीगरों के पास स्वास्थ्य प्रमाण पत्र तक नहीं हैं। इसके अलावा, सरकाघाट में पानी पुरी, चाट, आलू-चने और मिठाइयां बेचने वाले कई विक्रेता बिना मास्क और ग्लव्ज के खाद्य पदार्थों को तैयार कर ग्राहकों को परोसते नजर आ रहे हैं। चाय की दुकानों, होटलों और ढाबों में भी साफ-सफाई और खाद्य सामग्री को ढककर न रखने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।

प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग से निरीक्षण की मांग

सरकाघाट बाजार में करीब तीन दर्जन से अधिक मिठाई, चाय और अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानें हैं, जहां प्रतिदिन हजारों लोग और स्कूली बच्चे खान-पान की चीजों का सेवन करते हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय बुद्धिजीवियों ने प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग से मांग की है कि त्योहार से पहले सभी दुकानों, रेहड़ियों और ढाबों का औचक निरीक्षण किया जाए। साथ ही, कारीगरों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र जांचे जाने और विक्रेताओं को स्वच्छता का प्रशिक्षण दिए जाने की मांग उठाई गई है ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ न हो सके।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News