Rampur News: हिमाचल प्रदेश में रामपुर विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव राज्य की राजनीति की दिशा तय करने वाला है। विधायक नंद लाल के निधन से खाली हुई इस सीट पर मुकाबला केवल एक परंपरागत गढ़ बचाने की चुनौती नहीं है, बल्कि यह पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की राजनीतिक विरासत और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार के चार साल के कामकाज का बड़ा इम्तिहान भी होगा।
सरकार और संगठन दोनों के लिए लिटमस टेस्ट
दिसंबर में सुक्खू सरकार के चार साल पूरे होने जा रहे हैं। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले यह उपचुनाव सरकार के कामकाज का सीधा रिपोर्ट कार्ड बनेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में पार्टी इस तीसरी चुनावी परीक्षा का सामना करेगी। कांग्रेस के सामने अपने इस पुराने गढ़ में जनाधार बरकरार रखने की बड़ी चुनौती है, वहीं बीजेपी इसे सरकार के चार साल के प्रदर्शन पर जनता की राय जानने के एक बड़े अवसर के रूप में देख रही है।
567 वोटों के अंतर ने बदले राजनीतिक समीकरण
रामपुर विधानसभा सीट लंबे समय से कांग्रेस का मजबूत दुर्ग रही है। यह पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह का गृह क्षेत्र होने के कारण विशेष राजनीतिक महत्व रखता है। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने के कारण वीरभद्र सिंह यहां से खुद चुनाव नहीं लड़ सके, लेकिन उनकी लोकप्रियता का हमेशा पार्टी को फायदा मिलता रहा।
वर्ष 1977 के बाद से कांग्रेस यहां लगातार जीत दर्ज करती आई है और 2007 से 2022 तक नंदलाल लगातार यहां से विधायक चुने गए। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के युवा चेहरे कौल नेगी ने मुकाबले को बेहद कड़ा कर दिया था। दोनों के बीच हार-जीत का अंतर महज 567 वोटों का रहा था, जिसने यह साफ कर दिया था कि अब इस सीट पर मुकाबला आसान नहीं रह गया है।
टिकट चयन और दलों की रणनीतियां
उपचुनाव को लेकर दोनों प्रमुख दलों में सुगबुगाहट तेज हो गई है। कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मजबूत और सर्वमान्य प्रत्याशी का चयन करने की है। वीरभद्र परिवार की पसंद के अलावा पार्टी में चार से पांच अन्य दावेदार भी सक्रिय हैं। हाल ही में पूर्व कैलाश फेडरेशन अध्यक्ष बृजलाल का अपने 300 समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल होना टिकट की रेस को और दिलचस्प बना रहा है।
दूसरी ओर, बीजेपी के पास कौल नेगी के रूप में मजबूत और पहले से मैदान में उतर चुके प्रत्याशी का स्पष्ट विकल्प मौजूद है। 2022 के पिछले चुनाव में मिली कड़ी टक्कर को ध्यान में रखते हुए बीजेपी एक बार फिर उनके नाम पर दांव खेल सकती है। ऐसे में रामपुर का यह उपुचनाव आने वाले समय में हिमाचल की मुख्यधारा की राजनीति पर गहरा प्रभाव छोड़ेगा।