Shahpur News: पेंशनर्स वेलफेयर Association हिमाचल प्रदेश सिटी यूनिट शाहपुर की बैठक रविवार को प्रधान सेठ राम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में पेंशनरों ने 12 से 18 नवंबर तक जिला मुख्यालय धर्मशाला में धरने का समर्थन करने के साथ ही 19 नवंबर को विधानसभा के घेराव में भारी संख्या में शामिल होने का बड़ा निर्णय लिया है।
बैठक में 120 से अधिक पेंशनर हुए शामिल
शाहपुर में आयोजित इस बैठक में लगभग 120 पेंशनरों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत पेंशनरों की आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की गई। बैठक के दौरान प्रधान सेठ राम और महासचिव राजेश राणा ने ब्लॉक की गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा सदन के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में सिटी यूनिट शाहपुर के सदस्यों की संख्या बढ़कर लगभग 750 हो गई है। इसके साथ ही एसोसिएशन की वित्तीय स्थिति की जानकारी भी साझा की गई।
19 नवंबर को विधानसभा घेराव का निर्णय
बैठक में हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के फैसले पर मुहर लगाते हुए आगामी 12 से 18 नवंबर, 2026 तक धर्मशाला में कांगड़ा जिला मुख्यालय पर दिए जाने वाले धरने का पूर्ण समर्थन किया गया। इसके अलावा, 19 नवंबर को शाहपुर ब्लॉक से भी बड़ी संख्या में पेंशनरों के जोरावर स्टेडियम पहुंचने और विधानसभा घेराव में भाग लेने की रूपरेखा तैयार की गई।
सरकार से बकाया एरियर और महंगाई भत्ते की तुरंत अदायगी की मांग
कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए प्रदेशाध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने कड़े शब्दों में कहा कि पेंशनरों की मांगें पूरी होने तक उनका यह संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि पेंशनरों को 13 प्रतिशत बकाया, महंगाई राहत, 200 महीने से अधिक का एरियर, लीव एनकैशमेंट, कम्यूटेशन और 1 जनवरी, 2016 से अब तक के वेतन एरियर का भुगतान तुरंत किया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने एचआरटीसी के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को महंगाई भत्ते की पिछली तीन प्रतिशत किस्त और अन्य कर्मचारियों को दिए गए पांच प्रतिशत सहित कुल आठ प्रतिशत महंगाई भत्ता जल्द जारी करने की अपील की। उन्होंने सरकार से छठे वेतन आयोग की पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपए की राशि जारी करने की भी पुरजोर मांग उठाई। मंच का सफल संचालन ब्लॉक महासचिव राजेश राणा द्वारा किया गया।