Kasauli News: पर्यटन नगरी कसौली के एक रिज़ॉर्ट में काम करने वाले एकर्मी को पुलिस ने भारतीय सेना की फर्जी वर्दी पहनकर घूमने और खुद को सैन्य अधिकारी बताने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मिलिट्री इंटेलिजेंस और स्टेट सीआईडी से मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की है और कसौली थाने में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
तेईस अक्टूबर को पुलिस को मिली गुप्त सूचना के अनुसार, कोट गांव में एक व्यक्ति भारतीय सेना की वर्दी पहनकर खुद को थल सेना का अधिकारी बताता था। उसकी वर्दी पर सेना का आधिकारिक बैज भी लगा हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी को धर दबोचा।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
जांच के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपी कोट पंचायत के एक निजी होटल में काम करता था और सुनारडी गांव में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने उसकी पहचान अर्पण कटोच, निवासी गांव टिकरी, डाकघर डुहकी, तहसील बैजनाथ, जिला कांगड़ा के रूप में की है। पूछताछ के दौरान उसकी लोअर से सेना का एक कैंटीन कार्ड भी बरामद किया गया।
बरामद किए गए कार्ड पर लगी वर्दी वाली फोटो उसी आरोपी की थी और उस पर उसका नाम भी दर्ज था। जब पुलिस ने इस कार्ड और उसकी पहचान के संबंध में दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इस आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और मामले में आगे की कानूनी जांच जारी है।