Himachal News: दो दशक पुरानी रूगड़ा-कनैर उठाऊ सिंचाई योजना की जर्जर हालत को लेकर ‘दि रूगड़ा-कनैर कृषक विकास समिति’ ने गहरा रोष व्यक्त किया है। समिति का कहना है कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद इस दिशा में कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है, जिससे क्षेत्र के 175 किसान परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
समिति के प्रधान बलदेव सिंह ठाकुर ने एक बयान जारी कर बताया कि यह सिंचाई योजना लगभग 20-22 वर्ष पुरानी हो चुकी है और वर्तमान में पूरी तरह से जीर्णशीर्ण अवस्था में पहुंच चुकी है। इस योजना पर 175 किसान परिवार अपनी आजीविका के लिए प्रत्यक्ष रूप से आश्रित हैं, लेकिन मुख्य पाइपलाइन जगह-जगह से दरक और क्रैक हो चुकी है।
पानी के भारी रिसाव से खेतों तक नहीं पहुंच पा रही नमी
पाइपलाइनों में जगह-जगह रिसाव होने के कारण किसानों के खेतों तक केवल 30 प्रतिशत पानी ही पहुंच पा रहा है। स्थिति यह है कि पानी की कमी के चलते किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं। समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि वे पिछले 4-5 वर्षों से इस योजना के नवीनीकरण के लिए विभागीय अधिकारियों और संबंधित मंत्रियों के समक्ष मौखिक व लिखित रूप से गुहार लगा चुके हैं। मुख्यमंत्री को भी कई बार समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन नतीजा शून्य रहा है।
विभाग की उदासीनता और चेतावनी
ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग ने वर्ष 2025 के दौरान एक पंप की मरम्मत तो करवाई थी, लेकिन उसे अभी तक असेंबल नहीं किया गया है। किसानों में इस लापरवाही को लेकर भारी गुस्सा है। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और विभाग ने जल्द ही योजना के नवीनीकरण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो किसानों के पास इस योजना को पूरी तरह से बंद करने के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं बचेगा।