हिमाचल में आप का बड़ा दांव: सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान, 35 बड़े नेता संपर्क में

Share

- Advertisement -

Dharamshala News: आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) ने हिमाचल प्रदेश में अपनी सियासी गतिविधियां तेज कर दी हैं। धर्मशाला में नए प्रदेश कार्यालय के शुभारंभ के साथ ही पार्टी ने यह ऐलान किया है कि वह राज्य की सभी 68 सीटों पर पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ेगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आप के प्रदेश प्रभारी ऋतुराज झा ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि भाजपा और कांग्रेस में बड़ी सेंधमारी होने जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों राष्ट्रीय दलों के करीब 35 बड़े नेता, जिनमें पूर्व विधायक और पूर्व सांसद भी शामिल हैं, उनके सीधे संपर्क में हैं।

अरविंद केजरीवाल के दौरे पर बड़े नेताओं की ज्वॉइनिंग की संभावना

पार्टी के अनुसार, 15 नवंबर के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का प्रस्तावित शिमला दौरा है। इस दौरान कई कद्दावर नेताओं के पार्टी में शामिल होने (ज्वॉइनिंग) की संभावना है, जिससे प्रदेश की राजनीति में बड़ा भूचाल आ सकता है।

धर्मशाला कार्यालय के शुभारंभ पर दिखी खास हलचल

धर्मशाला में नए प्रदेश कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं। इस दौरान धर्मशाला से कांग्रेस की पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री चंद्रेश कुमारी के पौत्र अंबिकेश्वर भी नजर आए, जिनकी मौजूदगी ने क्षेत्र की सियासत को गर्मा दिया है। इसके अलावा कुछ सेवानिवृत्त अधिकारियों और रसूखदार चेहरों ने भी प्रदेश प्रभारी से मुलाकात की, जिससे पार्टी की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता के संकेत मिल रहे हैं।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News