Mandi News: नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण प्राकृतिक आपदा में 1100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 5 हजार लोगों का रेस्क्यू किया गया है। मंडी जिले के सुंदरनगर निवासी ज्ञान सिंह ठाकुर भी इस आपदा में मौत के मुंह से सुरक्षित अपने घर वापस लौट आए हैं।
मलोह गांव निवासी 50 वर्षीय ज्ञान सिंह नेपाल के एक पावर प्रोजेक्ट में फोरमैन हैं। हादसा होने के वक्त वह पावर हाउस में तैनात थे। अचानक पानी का भयानक सैलाब आने पर वे सभी जान बचाने के लिए पास की पहाड़ी की तरफ भागे और वहां शरण ली।
ज्ञान सिंह ने बताया कि उन्होंने एक रात और दो दिन मौत के साए में गुजारे। नेपाल आर्मी ने हेलीकॉप्टर के जरिए उनका और 99 अन्य सहयोगियों का रेस्क्यू किया। उनके प्रोजेक्ट के 98 लोग अभी भी लापता हैं, जिनमें ऊना का सुखविंदर सिंह भी शामिल है।
पति के सुरक्षित घर पहुंचने पर पत्नी कलावती और पूरे परिवार ने राहत की सांस ली। कलावती ने बताया कि शुरुआत में संपर्क न होने से बहुत डर लग रहा था। पति के घर लौटने पर पत्नी ने उन्हें फूल देकर गले लगाया, जिसका इमोशनल वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।