Mandi News: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चच्योट में खेलकूद प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जोरदार हंगामा हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कांग्रेस नेता ब्रह्मदास चौहान का स्थानीय महिलाओं और स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) ने कड़ा विरोध किया। स्कूल गेट पर नाकाबंदी कर उन्हें भीतर जाने से रोका गया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
समारोह स्थल पर कांग्रेस नेता के पहुंचते ही स्थिति बेहद नाजुक हो गई। मुख्य अतिथि के समर्थकों और प्रदर्शनकारी महिलाओं के बीच जमकर नोकझोंक हुई। तीखी बहस के बाद दोनों पक्षों में भारी धक्कामुक्की शुरू हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तुरंत बीच-बचाव कर नेता को सुरक्षा घेरे में लिया और सुरक्षित स्कूल के अंदर पहुंचाया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक एसएमसी और महिला मंडल की सदस्यों ने इस विरोध की योजना पहले ही बना ली थी। एसएमसी द्वारा पारित प्रस्ताव में आरोप लगाया गया कि स्कूल की प्रधानाचार्या मनमानी और राजनीति कर रही हैं। समिति ने समापन के लिए सेवानिवृत्त शिक्षक टेक चंद चौहान को तय किया था, लेकिन प्रधानाचार्या ने अपनी मर्जी से अतिथि बदल दिया।
महिला मंडल, युवक मंडल और समिति सदस्यों ने इस फैसले के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सरकार से प्रधानाचार्या के तबादले की मांग की है। पुलिस के समय पर दखल देने से बड़ी अनहोनी टल गई और कार्यक्रम आगे बढ़ सका। हालांकि, इस विवाद के बाद पूरे इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल बना हुआ है।