Nahan News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन स्थित जरजा क्षेत्र में घर की सफेदी के लिए बाल्टी में घोला जा रहा चूना एक बड़े हादसे की वजह बन गया। चूने में पानी मिलाते समय अचानक हुई रासायनिक प्रतिक्रिया के कारण खौलता हुआ मिश्रण उछलकर सीधे महिला के चेहरे और हाथों पर जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजनों ने तुरंत घायल महिला को डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
अचानक रासायनिक प्रतिक्रिया से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जरजा निवासी सविता देवी के पति घर में पुताई करवाने के लिए बाजार से चूना लेकर आए थे। सविता देवी ने बाल्टी में चूना डालकर जब उसमें पानी मिलाया, तो तेज उबाल के साथ बुलबुले उठने लगे। कुछ देर बाद बुलबुलों का उठना बंद होने पर उन्होंने इसे सामान्य प्रक्रिया समझा, लेकिन चंद मिनटों बाद मिश्रण में दोबारा तीव्र रासायनिक प्रतिक्रिया हुई और खौलता हुआ चूना उछलकर उनके चेहरे व हाथों पर आ गिरा। गर्म मिश्रण की चपेट में आने से असहनीय जलन के कारण वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
अस्पताल में जारी है उपचार, डॉक्टरों ने स्थिति को बताया स्थिर
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए सविता देवी को मेडिकल कॉलेज नाहन के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। चिकित्सकीय जांच के अनुसार, चूने के तेज रासायनिक प्रभाव से महिला के चेहरे का एक हिस्सा और हाथ झुलसे हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि समय पर इलाज मिलने से उनकी आंख सुरक्षित बच गई है और दृष्टि को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। डॉक्टरों के अनुसार महिला की स्थिति पूरी तरह स्थिर है और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।