Hamirpur News: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में मिसाइल हमले में मारे गए मर्चेंट नेवी कैडेट आदित्य शर्मा के पिता राजेश शर्मा ने पीएम नरेंद्र मोदी से गुहार लगाई है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मुद्दे को अमेरिका के समक्ष उठाने और दोषियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
सीएम सुक्खू से मिले पीड़ित पिता, न्याय की मांग
शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात के बाद राजेश शर्मा ने कहा कि घटना को एक महीना बीत चुका है। लेकिन अभी तक कोई जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई है। उनका बेटा किसी युद्ध का हिस्सा नहीं था, बल्कि एक निहत्थे व्यावसायिक जहाज पर अपनी ड्यूटी कर रहा था।
हिमाचल सरकार केंद्र के सामने उठाएगी यह मुद्दा
राजेश शर्मा ने मुख्यमंत्री से मानसून सत्र में यह मुद्दा केंद्र के सामने उठाने की अपील की। मुख्यमंत्री सुक्खू ने आश्वासन दिया कि वे केंद्र सरकार को पत्र लिखकर मामले की प्रगति रिपोर्ट मांगेंगे। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिया कि राज्य सरकार हर संभव सहायता के लिए साथ खड़ी है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष जांच कराने की मांग
पीड़ित पिता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुए इस हमले के दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने बताया कि मर्चेंट नेवी यूनियनों ने भी प्रधानमंत्री से मिलने का समय मांगा है। परिवार को मुआवजा नहीं, बल्कि अपने इकलौते बेटे की मौत पर सिर्फ न्याय चाहिए।
जून में तेल टैंकर पर हुआ था मिसाइल हमला
बता दें कि 23 वर्षीय आदित्य शर्मा जून में तेल टैंकर एमटी सेटेबेलो पर सवार थे। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास हुए हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी। जहाज का संचालन करने वाली यूएई की कंपनी आईओएस मरीन भी इस घटना की स्वतंत्र जांच की मांग कर चुकी है।