Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सड़क बंद होने से परेशान किसानों ने 15 क्विंटल मूली नाले में फेंक दी। द्रंग विधानसभा क्षेत्र के चौहारघाटी में बीते तीन दिनों से रास्ता ठप था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोक निर्माण विभाग जागा और लिंक रोड को बहाल किया।
सब्जी मंडी न पहुंचने से खराब हुई 12 क्विंटल बंदगोभी
पधर उपमंडल की चौहारघाटी में थलटूखोड-मढ़ सड़क सोमवार को भारी भूस्खलन के कारण पूरी तरह बंद हो गई थी। सड़क न खुलने पर किसानों ने लगभग 12 क्विंटल बंदगोभी को पैदल ही मंडी ले जाने का जोखिम उठाया। लेकिन समय पर बाजार न पहुंचने से गोभी रास्ते में ही खराब हो गई और किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद खुला मार्ग
सड़क मार्ग बंद रहने से क्षेत्र के लोग अपनी नकदी फसलों को मंडी तक नहीं पहुंचा पा रहे थे। वीरवार सुबह जीप से मूली नाले में बहाने का वीडियो सामने आया। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और दो जेसीबी मशीनें मौके पर भेजी गईं। लगभग 5 घंटे की मशक्कत के बाद शाम को रास्ता दोबारा बहाल हो सका।
स्थानीय किसानों का कहना है कि अगर समय पर रास्ता खोल दिया जाता तो उनकी मूली और बंदगोभी बर्बाद होने से बच जाती। दूसरी तरफ लोक निर्माण विभाग झटिंगरी के सहायक अभियंता भगत राम यादव ने बताया कि पहाड़ी से लगातार पत्थर गिर रहे थे। इस वजह से पहले काम शुरू करना संभव नहीं था, लेकिन वीरवार को तेजी से काम कर रास्ता साफ कर दिया गया।