कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर दयोड़ और हणोगी टनल जल्द होंगी शुरू, एनएचएआई तीन माह में पूरा करेगा निर्माण कार्य

Share

- Advertisement -

Mandi News: कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर सफर करने वाले मुसाफिरों को जल्द बड़ी सुविधा मिलेगी। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने दयोड़ और हणोगी स्थित लेफ्ट बैंक की दोनों टनल खोलने का फैसला लिया है। आगामी तीन महीनों के भीतर इन दोनों टनल को पूरी तरह तैयार कर पब्लिक के लिए खोल दिया जाएगा।

करीब एक महीना पहले राइट बैंक की टनल को वाहनों की आवाजाही के लिए खोला गया था। वर्तमान समय में दोनों तरफ का ट्रैफिक इसी टनल से संचालित हो रहा है। लेफ्ट बैंक की इन टनल के चालू होने के बाद सड़क पर ट्रैफिक व्यवस्था काफी बेहतर और सुरक्षित रूप से व्यवस्थित हो जाएगी।

नई ट्रैफिक व्यवस्था के मुताबिक मंडी से कुल्लू की तरफ जाने वाले वाहन लेफ्ट बैंक की टनल से गुजरेंगे। वहीं कुल्लू से मंडी की ओर आने वाले सभी वाहनों को राइट बैंक टनल से निकाला जाएगा। इस व्यवस्था से फोरलेन पर लगने वाले लंबे जाम और हादसों की आशंका भी काफी कम हो जाएगी।

दयोड़ और हणोगी में बनेगी सुरक्षित ट्रैफिक व्यवस्था

दयोड़ टनल की लंबाई करीब दो किलोमीटर है, जबकि हणोगी टनल लगभग 400 मीटर लंबी बनाई गई है। इन दोनों नई टनल के शुरू हो जाने से वाहन चालकों का सफर पहले से अधिक सुगम बनेगा। सोमवार को एनएचएआई अधिकारियों और निर्माण कंपनी के तकनीकी एक्सपर्ट्स ने बैठक कर प्रोजेक्ट को अंतिम रूप दिया।

झलोगी टनल की अलाइनमेंट बदलने की बनी योजना

बैठक में साल 2025 की भीषण आपदा में क्षतिग्रस्त हुई झलोगी टनल की मरम्मत पर भी गहन चर्चा हुई। भारी लैंडस्लाइड से इस टनल का पोर्टल टूट गया था और भीतरी हिस्से को नुकसान पहुंचा था। लगातार खतरे को देखकर एक्सपर्ट्स ने टनल की अलाइनमेंट बदलकर 150 मीटर दूर थलौट की तरफ नया पोर्टल बनाने की सलाह दी है।

प्राकृतिक आपदा से टनल के अंदर हुए नुकसान की सही जांच के लिए एक्सपर्ट्स की एक स्पेशल टीम जल्द सर्वे करेगी। टीम के निरीक्षण के बाद मरम्मत का तकनीकी काम शुरू होगा। यह सभी सुधार कार्य पूरे होते ही फोरलेन का सफर पूरी तरह सुरक्षित होगा और यात्रियों के कीमती समय की भी बचत होगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News