Mandi News: पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार पिछली चुनावी गारंटियां पूरी करने में नाकाम रही है। अब विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही जनता को गुमराह करने के लिए नए वादे किए जा रहे हैं।
मंडी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि यदि सरकार सच में नए जिले बनाना चाहती थी, तो कार्यकाल के शुरुआती दिनों में ही कदम उठाने चाहिए थे। उन्होंने कहा कि देश भर में जनगणना की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे नाजुक समय में प्रशासनिक और राजस्व सीमाओं से जुड़े फैसले लेना कई बड़े सवाल खड़े करता है।
चुनाव वर्ष में आयोग के गठन की टाइमिंग पर उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हालिया पंचायत और नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस को जनता ने नकार दिया है। इसी झटके से ध्यान भटकाने के लिए अब नए जिलों का शिगूफा छेड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनावी वर्ष में इस तरह के आयोग बनाने के पीछे केवल राजनीतिक लाभ हासिल करने की मंशा है, लेकिन प्रदेश की जागरूक जनता सब समझती है।
जयराम ठाकुर ने साफ किया कि पिछली गारंटियों से मुकर कर नई घोषणाएं करना लोकतंत्र के सिद्धांतों के खिलाफ है। उन्होंने बताया कि नए जिलों के पुनर्गठन के इस संवेदनशील मुद्दे पर भाजपा संगठन के भीतर विस्तृत चर्चा की जाएगी। पार्टी फोरम पर वरिष्ठ नेताओं के साथ पूरे विषय पर विचार-विमर्श करने के बाद ही पार्टी अपना आधिकारिक पक्ष रखेगी।
