Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी स्थित अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी को नया कुलपति मिल गया है। राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कविंद्र गुप्ता ने डॉ. डीके वर्मा को कुलपति नियुक्त किया है। राज्य सरकार की सिफारिश पर जारी इस आदेश से चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में प्रशासनिक प्रक्रिया को नई दिशा मिलेगी।
अधिनियम की धारा के तहत हुई महत्वपूर्ण नियुक्ति
लोक भवन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह नियुक्ति हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी ऑफ हैल्थ साइंसेज अधिनियम-2017 की धारा 14(2) के तहत हुई है। सरकार की सलाह पर कुलाधिपति ने डॉ. डीके वर्मा को यह जिम्मेदारी दी है। वह मूल रूप से शिमला के कसुम्पटी के रहने वाले हैं और काफी अनुभवी हैं।
आईजीएमसी शिमला में दे चुके हैं सेवाएं
डॉ. वर्मा के पास चिकित्सा क्षेत्र में लंबा और बेहतरीन अनुभव है। वह प्रदेश के प्रमुख अस्पताल इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला में भी अपनी अहम सेवाएं दे चुके हैं। उनके इसी बेहतरीन अनुभव और कार्यकुशलता को देखते हुए सरकार ने उन्हें इस शीर्ष प्रशासनिक पद की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
तीन वर्ष का होगा कुलपति का कार्यकाल
आधिकारिक आदेशों के अनुसार उनका कार्यकाल पदभार संभालने से तीन वर्ष तक रहेगा। यदि वे 70 वर्ष की आयु पहले पूरी कर लेते हैं, तो कार्यकाल तभी तक मान्य होगा। इस दौरान उन्हें नियमानुसार वेतन और भत्ते मिलेंगे। साथ ही अन्य शर्तें विश्वविद्यालय अधिनियम-2017 के प्रावधानों के तहत लागू होंगी।