Shimla News: हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के बाद ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। रोहड़ू की चांशल घाटी सहित किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा में बर्फ गिरी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में शिमला, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में आंधी, गरज-चमक और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश में मौसम के बदले मिजाज के बीच ऊंचे पहाड़ी इलाकों में ताजा हिमपात दर्ज किया गया है। शिमला जिले के रोहड़ू स्थित प्रसिद्ध चांशल घाटी और चांशल पास पर ताजा बर्फबारी हुई है। यह मार्ग रोहड़ू को डोडरा-क्वार से जोड़ता है। इसके अलावा किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा के ऊंचाई वाले हिस्सों में बर्फ गिरने से पूरे प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। राजधानी शिमला में सुबह तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई और दिनभर आसमान में बादल छाए रहे।
लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कड़ाके की ठंड के चलते कुकुमसेरी में प्राकृतिक जलस्रोतों का पानी जमना शुरू हो गया है। घाटी के ताबो में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा किन्नौर के कल्पा में 5.4 डिग्री और शिमला जिले के कुफरी में 7.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
विभिन्न जिलों का तापमान
प्रदेश के अन्य प्रमुख स्थानों के तापमान पर नजर डालें तो मनाली में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री, भुंतर में 9.4 डिग्री, सोलन में 10.0 डिग्री, शिमला और ऊना में 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुंदरनगर में 10.9 डिग्री, बिलासपुर में 12.5 डिग्री, मंडी में 12.0 डिग्री, पालमपुर में 11.5 डिग्री, कांगड़ा में 12.6 डिग्री और धर्मशाला में 15.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
इसके साथ ही नाहन में 14.6 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 14.5 डिग्री, बरठीं में 10.9 डिग्री, भरमौर में 13.0 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 16.0 डिग्री, सराहन में 16.8 डिग्री और पांवटा साहिब में 18.0 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज किया गया। नाहन का तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री और पालमपुर का 0.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
चार जिलों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान शिमला में 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और बारिश होने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति के ऊंचे इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बर्फबारी का अनुमान है।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 30 अक्टूबर को शिमला, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में आंधी चलने, आकाशीय बिजली चमकने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का आकलन है कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 30 अक्टूबर को सबसे अधिक रहेगा। इसके बाद 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम खराब रहेगा और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है। विभाग के अनुसार तीन और चार नवंबर से प्रदेशभर में मौसम साफ रहने की उम्मीद है।