Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर से सटे अरड़ा स्कोर गांव में बीती रात तेंदुए ने भारी तबाही मचाई। तेंदुए ने एक गरीब विधवा महिला की गोशाला का दरवाजा तोड़कर तीन भेड़ों को मार डाला। इस घटना के बाद से पूरे इलाके के ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है।
पीड़ित बिमला देवी के अनुसार, सोमवार सुबह जब वह गोशाला पहुंचीं तो दरवाजा टूटा हुआ मिला। अंदर उनकी तीनों भेड़ें मृत पड़ी थीं। बिमला देवी मजदूरी करके अपने दो पोतों का पालन-पोषण कर रही हैं। पति और बेटे के निधन के बाद भेड़-बकरियां ही उनकी आजीविका का एकमात्र जरिया थीं।
प्रशासन और वन विभाग से सुरक्षा की गुहार
बिमला देवी ने बताया कि मारी गई भेड़ों की कुल कीमत 70 हजार रुपये से अधिक थी। इनमें से एक भेड़ गर्भवती भी थी। उन्होंने उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) सदर को पत्र सौंपकर घटना की जानकारी दी है। उन्होंने सरकार से तुरंत आर्थिक सहायता देने की गुहार लगाई है।
गोशाला का दरवाजा तोड़कर हुए इस हमले से स्थानीय लोग खुद को और अपने मवेशियों को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में तेंदुए को पकड़ने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का आग्रह किया है, ताकि आगे ऐसी घटनाएं न हों।