Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की पर्यटन नगरी मनाली के सोलंग नाला में चार दिवसीय पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्री-वर्ल्ड कप का आगाज हो गया है। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने मौके पर पहुंचकर इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस आयोजन से सोलंग नाला एक बार फिर साहसिक खेलों के अंतरराष्ट्रीय केंद्र के रूप में उभरकर सामने आया है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन करने पहुंचे तकनीकी शिक्षा और नगर एवं ग्राम योजना मंत्री राजेश धर्माणी ने खुद भी पैराग्लाइडिंग का आनंद लिया। अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध सोलंग नाला को इस आयोजन से वैश्विक पहचान मिल रही है। 12 अगस्त तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में कुल 42 पायलट हिस्सा ले रहे हैं। इसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर की एक महिला पैराग्लाइडर भी शामिल हैं।
मंत्री धर्माणी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से साहसिक खेलों के साथ पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलता है। इस प्रतियोगिता में भारत, नेपाल, चीन, तुर्की, इंडोनेशिया और साउथ कोरिया के अनुभवी पायलट अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष वेद ठाकुर ने बताया कि पूरे इवेंट के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाएगा। प्रतियोगिता में केवल प्रमाणित पायलट भाग ले रहे हैं।
फेडरेशन ऑफ एयरोस्पोर्ट्स इंटरनेशनल की कैटेगरी-2 के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में पायलटों को सटीक लैंडिंग और कौशल का प्रदर्शन करना होगा। तीन मुख्य श्रेणियों में हो रही इस चैंपियनशिप में भारतीय वायु सेना, थल सेना और अर्धसैनिक बलों की टीमें भी शामिल हैं। मनाली पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन ने पहली बार इस स्तर की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप आयोजित की है।
मंत्री धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बजट का प्रावधान करती है। भविष्य में सभी संबंधित संगठनों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा। इससे राज्य में दोबारा अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन संभव हो सकेगा। सरकार का लक्ष्य हिमाचल को साहसिक पर्यटन के वैश्विक नक्शे पर मजबूती से स्थापित करना है।
