Sirmaur News: भारतीय महिला कबड्डी टीम की पूर्व कप्तान और एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता ऋतु नेगी का नाम हिमाचल सरकार की नकद पुरस्कार सूची से हटा दिया गया है। अंतिम समय में हुए इस फैसले से बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। अर्जुन पुरस्कार विजेता खिलाड़ी ऋतु नेगी ने इस अनदेखी पर गहरा दुख जताते हुए इसे बेहद अपमानजनक बताया है।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई की रहने वाली ऋतु नेगी की शादी हरियाणा के पानीपत में हुई है। राज्य सरकार ने पहले 1 करोड़ रुपये के पुरस्कार के लिए पात्र खिलाड़ियों की लिस्ट तैयार की थी। मुख्यमंत्री ने एशियाई खेलों की स्वर्ण विजेता पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर, भावना ठाकुर और क्रिकेटर रेणुका ठाकुर के लिए 1 करोड़ रुपये की राशि घोषित की थी।
ऋतु नेगी को 2023 के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद हिमाचल सरकार से नकद पुरस्कार मिला था, जबकि तब भी उनकी शादी हरियाणा में हो चुकी थी। ऋतु ने कहा कि एक सप्ताह पहले तक मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई संदेश दिया था। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और सांसद अनुराग ठाकुर ने भी फोन पर बधाई दी थी, लेकिन दो दिन में अचानक स्थिति बदल गई।
ऋतु वर्तमान में भारतीय रेलवे में कार्यरत हैं। उन्होंने घरेलू प्रतियोगिताओं में हमेशा हरियाणा के बजाय हिमाचल प्रदेश का ही प्रतिनिधित्व किया है। इस पूरे मामले पर उनके पिता भवन सिंह नेगी ने भी तीखे सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि क्या किसी लड़की की शादी दूसरे राज्य में हो जाने से उसका अपने गृह राज्य से रिश्ता खत्म हो जाता है।