Kullu News: हिमाचल प्रदेश के लोकप्रिय पर्यटन स्थल मनाली में बीती रात भीषण आग लगने से एक तीन मंजिला कॉटेज पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इस दर्दनाक हादसे में कॉटेज में मौजूद 11 पालतू बिल्लियों की झुलसने से मौत हो गई, गनीमत यह रही कि अंदर ठहरे सैलानी समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए।
मनाली के नसोगी गांव में उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक निजी कॉटेज में अचानक से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में करीब 30 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फायर ब्रिगेड और स्थानीय निवासियों की सूझबूझ से समय रहते आग को आसपास के अन्य आवासीय कॉटेज तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
सैलानी सुरक्षित, लेकिन पालतू जीवों की मौत
कॉटेज के अंदर ठहरे सैलानी बाल-बाल बच गए और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन आग की चपेट में आने से अंदर मौजूद 11 पालतू बिल्लियों की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।