Lahaul Spiti News: हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। केलिंग सराय-भरतपुर रूट पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरे नाले में जा गिरा। इस भीषण हादसे में पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मंडी जिले के रहने वाले थे।
हादसे का शिकार हुआ ट्रक (एचपी-65ए-3396) केलिंग सराय से भरतपुर जा रहा था। रास्ते में ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रक सीधे गहरे पानी के नाले में गिर गया। मृतकों की पहचान मंडी जिले के उबा गांव निवासी लियाकत अली और उनके बेटे दुरशाद के रूप में हुई है।
सेना और बीआरओ का संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, भारतीय सेना, बीआरओ, आईटीबीपी, टीटीआर टीम और स्थानीय ड्राइवरों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। दुर्गम इलाका और गहरा पानी होने के कारण राहत कार्य में काफी परेशानी आई। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए केलांग अस्पताल भेजा गया।
जाहलमा नाले में वैकल्पिक रास्ता हुआ बहाल
दूसरी तरफ लाहौल-स्पीति में भारी बारिश से प्रभावित रास्तों को लेकर राहत की खबर सामने आई है। बीआरओ ने कड़ी मेहनत के बाद जाहलमा नाले में वैकल्पिक रूट को फिर से चालू कर दिया है। मार्ग खुलते ही नाले के दोनों तरफ फंसे सैकड़ों वाहनों को आगे के लिए रवाना कर दिया गया है।