Lahaul-Spiti News: हिमाचल प्रदेश के लाहुल-स्पीति जिले की मयाड़ घाटी में बादल फटने के बाद आई बाढ़ से करपट गांव में भारी नुकसान हुआ है। नाले में उफान आने से मुख्य सड़क पूरी तरह बह गई है और पुल पानी में डूब गया है। इसके अलावा खेतों में खड़ी फसलें भी पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं।
बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों की तरफ फैलने से किसानों की कई बीघा उपजाऊ जमीन और फसलें बर्बाद हो गईं। रास्ते बंद होने से इलाके में आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। जान बचाने के लिए ग्रामीण अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने को मजबूर हो गए।
नायब तहसीलदार विकास राशपा के नेतृत्व में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम बुधवार सुबह मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। मार्ग बहाली के लिए मशीनें तैनात की गई हैं, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण मरम्मत कार्य में बाधा आ रही है।
बाढ़ के खतरे को देखते हुए ग्रामीणों ने जंगल के पास बने रैन बसेरे और टेंटों में शरण ली। स्थानीय विधायक अनुराधा राणा ने ग्रामीणों की सुविधा के लिए पहले ही बिजली, पानी और शौचालय युक्त रैन बसेरा तैयार करवाया था। बुधवार को भी प्रभावित परिवारों ने वहीं पर सुरक्षित ठिकाना बनाया।
लाहुल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि प्रशासन की टीम मौके पर राहत कार्यों में मुस्तैदी से जुटी है। प्रभावित परिवारों को राशन और जरूरी सामान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाढ़ का जलस्तर कम होते ही सड़क और पुल की बहाली का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया जाएगा।