लाहौल-स्पीति में भीषण भूस्खलन से 13 लोगों की मौत, दिल दहला देने वाला वीडियो आया सामने

Share

- Advertisement -

Lahaul-Spiti News: हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में हुए दर्दनाक भूस्खलन हादसे में 13 लोगों की जान चली गई है। इस भीषण हादसे का वीडियो भी सामने आ चुका है। वीडियो में दिख रहा है कि कई वाहन सुरक्षित निकल गए, लेकिन टाटा सूमो विशाल चट्टानों की चपेट में आ गई।

यह दुखद हादसा 24 जुलाई को लाहौल-स्पीति जिले के उदयपुर-पांगी मार्ग पर हुआ। चंबा और लाहौल-स्पीति की सीमा पर स्थित कुदुनाला के पास पहाड़ी से अचानक भारी चट्टानें गिर गईं। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जिनमें छह महीने की मासूम बच्ची भी शामिल थी। घटना में केवल एक व्यक्ति जीवित बच पाया है।

कैमरे में कैद हुआ भूस्खलन का खौफनाक मंजर

हादसे का वीडियो लगभग 200 मीटर की दूरी से रिकॉर्ड किया गया था। वीडियो में साफ दिख रहा है कि जाम के कारण सड़क पर कई गाड़ियां खड़ी थीं। रास्ता खुलने पर गाड़ियां आगे बढ़ने लगीं। सूमो से पहले करीब आठ पिकअप वाहन और एक अन्य कार सुरक्षित निकल गए, लेकिन टाटा सूमो नीचे पहुंचते ही चट्टानें आ गिरीं।

Accident In Lahul Spiti

हादसे का शिकार हुए अधिकांश लोग चंबा जिले के पांगी क्षेत्र के निवासी थे। वहीं छह महीने की बच्ची और उसकी मां लाहौल घाटी की रहने वाली थीं। हादसे के बाद प्रशासन ने प्रभावित परिवारों से संपर्क किया। डीसी चंबा मुकेश रेप्सवाल ने पांगी क्षेत्र का दौरा कर साच, घिसल, हिलोर और घनाला गांवों में पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।

रेजिडेंट कमिश्नर और एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने कहा कि प्रशासन इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है। डीसी चंबा ने मौके पर लगभग 25 ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली और सड़क मरम्मत से जुड़ी मांगें रखीं, जिस पर अधिकारियों को तुरंत निर्देश जारी किए गए।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News