Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में गाय को बेरहमी से घसीटकर वाहन में चढ़ाने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर पुलिस ने पशु क्रूरता निवारण कानून और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन कर रही है।
शिकायत के अनुसार घटना शाम करीब पौने सात बजे बवेली से उबाग पुल के पास पेश आई। उस समय शिकायतकर्ता वहां से गुजर रहा था। उसने देखा कि दो युवक गाय के गले में रस्सी बांधकर उसे जबरदस्ती घसीट रहे थे। वे गाय को जबरन अपने वाहन में चढ़ा रहे थे।
मालिक के पहुंचते ही एक आरोपी हुआ फरार
शिकायतकर्ता ने जब दोनों युवकों से पूछताछ की तो उन्होंने गाय को खरीदकर जिया ले जाने का दावा किया। लेकिन जैसे ही शिकायतकर्ता ने गाय को अपनी बताया, उनमें से एक युवक तुरंत मौके से भाग गया। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पकड़े गए 20 वर्षीय चालक की पहचान मंडी जिले की पधर तहसील के ग्वाली गांव निवासी के रूप में हुई। वहीं मौके से फरार हुआ 40 वर्षीय दूसरा व्यक्ति कुल्लू की भुंतर तहसील के जिया गांव का रहने वाला है। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को भी दबोच लिया।
एसपी अभिषेक शेखर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी नोटिस पर पाबंद किया गया है। पुलिस ने मौके से जुड़े साक्ष्य जुटा लिए हैं। कानून के अनुसार आगे की सख्त कार्रवाई की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।