हिमाचल के कुल्लू में मिड-डे मील की खीर खाने से करीब 40 स्कूली बच्चे बीमार, अस्पताल में भर्ती

Share

- Advertisement -

Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू स्थित बाड़ी प्राइमरी स्कूल में मंगलवार को मिड-डे मील की खीर खाने से 30 से 40 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों को लगातार उल्टियां होने लगीं। गंभीर हालत को देखते हुए सभी प्रभावित बच्चों को तुरंत पतलीकूहल स्थित स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

बीमार बच्चे जैंडी, बाड़ी, बशकोला, रंखड़ू और बाजगाड़ी गांवों के रहने वाले हैं। परिजनों ने बताया कि स्कूल में खीर खाने के बाद शाम चार बजे छुट्टी हुई। घर पहुंचते ही बच्चों की हालत बिगड़ने लगी। कुछ छात्र स्कूल गेट के बाहर ही बेहोश होकर गिर पड़े, जिससे हड़कंप मच गया।

- Advertisement -

घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत प्रधान कमलाकांत और उपप्रधान ललित मौके पर पहुंचे। बड़ी संख्या में घबराए परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। रामचंद, मुकेश कुमार, ईशांत, देवराज, हीरा लाल, मेहर चंद और सुनील सहित कई अभिभावकों ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच मांगी है।

सीएचसी पतलीकूहल के डॉक्टर मोहित शर्मा ने बताया कि यह मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है। डॉक्टरों को शक है कि दूषित पानी के कारण भी यह समस्या हो सकती है। हालांकि, बीमारी की असली वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

बीएमओ नग्गर डॉ. कर्ण ने बताया कि डॉक्टरों की टीम बच्चों की सेहत पर लगातार नजर रख रही है। घटना की जानकारी पाकर मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बीमार बच्चों का हाल जाना और परिजनों से बातचीत की। एक साथ इतने बच्चों के बीमार होने से क्षेत्र में तनाव है।

- Advertisement -
Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News