हिमाचल प्रदेश विधानसभा शीतकालीन सत्र: सुंदर सिंह ठाकुर के ‘बाजा’ वाले बयान से गरमाई राजनीति, कुल्लू के प्रतिनिधित्व पर उठे सवाल

Share

- Advertisement -

Kullu, Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बीच कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने मंत्री पद नहीं मिलने पर एक बार फिर अपनी नाराजगी सार्वजनिक की है। उन्होंने सरकार पर सवाल उठाते हुए तल्ख लहजे में पूछा कि क्या कुल्लू के लोगों को सिर्फ बाजा बजाने के लिए रखा गया है। उनके इस बयान ने प्रदेश की राजनीति में क्षेत्रीय संतुलन और कुल्लू जिले की राजनीतिक हिस्सेदारी की बहस को तेज कर दिया है।

मंत्री पद को लेकर मुख्यमंत्री पर छोड़े सवाल

विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मंत्री पद को लेकर मामला कहां फंसा हुआ है, इसकी जानकारी मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ही बेहतर तरीके से दे सकते हैं। उनके इस बयान से स्पष्ट है कि मंत्री बनाए जाने की उनकी उम्मीदें अभी पूरी नहीं हुई हैं और इस मुद्दे पर उनकी नाराजगी बनी हुई है।

सुंदर सिंह ठाकुर ने कुल्लू जिले के राजनीतिक इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि यहां के नेता हमेशा से प्रदेश सरकार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। पूर्व मंत्री राजकृष्ण गौड़ और सत्य प्रकाश ठाकुर जैसे नेताओं ने विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी संभाली है। ऐसे में मौजूदा सरकार में कुल्लू को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने से स्थानीय स्तर पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

फरवरी से शुरू हुआ आश्वासनों और चर्चाओं का दौर

सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाए जाने की चर्चा लंबे समय से चल रही है। 17 फरवरी 2026 को विधानसभा के भीतर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने उनके जल्द मंत्री बनने का संकेत दिया था। इसके बाद अगस्त और सितंबर में भी मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच उनका नाम सामने आता रहा।

अक्टूबर में मुख्यमंत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और सुंदर सिंह ठाकुर के दिल्ली दौरे के बाद राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ गई थी। 26 अक्टूबर को कुल्लू में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह पिछले एक साल से सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाने की बात कर रहे हैं और भाग्य की कुंडली खुलने पर ही उन्हें मंत्री बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में ‘कुंडली और ग्रह-दशा’ का प्रसंग काफी चर्चा में रहा था।

नवंबर में कांग्रेस संगठन की सक्रियता और अल्टीमेटम

मंत्री पद मिलने में हो रही देरी का असर अब पार्टी संगठन के भीतर भी दिखने लगा है। 11 नवंबर को कुल्लू में ब्लॉक कांग्रेस की बैठक में कार्यकर्ताओं ने कड़ी नाराजगी जताई। बैठक में यह मांग उठी कि यदि 11 दिसंबर तक सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया जाता है, तो संगठन के पदाधिकारी सामूहिक इस्तीफा दे सकते हैं।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेस राम आजाद के नेतृत्व में हुई इस बैठक में 16 जोन अध्यक्षों और 157 बूथ अध्यक्षों ने हिस्सा लिया। सर्वसम्मति से पारित इस प्रस्ताव को राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व के साथ मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया। सुंदर सिंह ठाकुर ने भी स्पष्ट किया है कि यह मामला केवल उनके व्यक्तिगत मंत्री बनने का नहीं, बल्कि कुल्लू और यहां की जनता के आत्मसम्मान का है और वह कार्यकर्ताओं के फैसले के साथ हैं।

मंत्रिमंडल का खाली पद और भविष्य की राह

हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल में एकमात्र पद खाली चल रहा है, जिसे लेकर कांग्रेस के भीतर दबाव लगातार बढ़ रहा है। सुंदर सिंह ठाकुर लगातार दूसरी बार कुल्लू से विधायक चुने गए हैं और पूर्व में मुख्य संसदीय सचिव (सीपीएस) की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। हालांकि, 13 नवंबर 2024 को उच्च न्यायालय के फैसले के बाद सीपीएस की नियुक्तियां रद्द हो गई थीं।

अब धर्मशाला में दिए गए उनके ताजा बयान और 11 दिसंबर तक के अल्टीमेटम के बाद यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि क्या मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू अपने पुराने आश्वासन को पूरा करते हैं या यह राजनीतिक खींचतान आगे भी जारी रहती है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News