भटियात के ककीरा में वीर सैनिक सामुदायिक भवन की रखी गई आधारशिला, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की शिरकत

Share

- Advertisement -

Chamba News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने गुरुवार को भटियात विधानसभा क्षेत्र के ककीरा कस्बे में 28 लाख रुपये की लागत से बनने वाले वीर सैनिक सामुदायिक भवन की आधारशिला रखी। इस दौरान उन्होंने देश की रक्षा करने वाले सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के योगदान को नमन करते हुए क्षेत्र के विकास कार्यों की जानकारी साझा की।

सैनिकों के योगदान को किया नमन और विकास कार्यों का जिक्र

समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि ककीरा और बकलोह क्षेत्र का भारतीय सेना के इतिहास में विशेष योगदान रहा है, जहां की कई पीढ़ियों ने देश की सुरक्षा के लिए समर्पित होकर सेवाएं दी हैं। उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए राज्यों के आर्थिक रूप से सशक्त होने पर जोर दिया और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन से मिलने वाले राजस्व में हिमाचल को अनुपातिक हिस्सा देने की मांग उठाई।

ककीरा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि कस्बे के स्वास्थ्य केंद्र को स्तरोन्नत किया जाएगा और मल निकासी योजना का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके अलावा, क्षेत्र में हाइड्रेंट आधारित प्रभावी अग्निशमन व्यवस्था के लिए एक करोड़ 69 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसके तहत दो लाख लीटर से अधिक पानी के भंडारण की व्यवस्था होगी।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इससे पहले हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष कैप्टन पूर्ण सिंह थापा ने विधानसभा अध्यक्ष को सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व सैनिक लीग से सूबेदार भीम बहादुर गुरंग, कैप्टन खजान सिंह, कैप्टन सागर गुरंग, कैप्टन नारायण सिंह गुरंग, कैप्टन किशन सिंह गुरंग सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विजय कंवर, जिला यूथ कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनाभ सिंह पठानिया, उपमंडलाधिकारी मनीष सोनी, पुलिस उपाधीक्षक शेर सिंह और विभिन्न विभागों के अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News