किन्नौर कैलाश यात्रा के दौरान गणेश पार्क के पास बर्फबारी में फंसे 26 लोग सुरक्षित रेस्क्यू, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

Share

- Advertisement -

Kinnaur News: हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अचानक हुई भारी बर्फबारी के बीच किन्नौर कैलाश यात्रा पर गए 16 श्रद्धालु और 10 गाइड फंस गए। शनिवार को गणेश पार्क के पास मौसम बिगड़ने से यह स्थिति बनी। पुलिस और होमगार्ड की संयुक्त टीम ने सभी को सुरक्षित निकाल लिया है।

प्रशासन ने किन्नौर कैलाश यात्रा को 23 अगस्त को आधिकारिक तौर पर बंद कर दिया था। इसके बावजूद कुछ स्थानीय गाइड नियमों का उल्लंघन कर पर्यटकों को ले जा रहे थे। राजस्थान और गुजरात से आए श्रद्धालुओं का दल अचानक बर्फीले तूफान और हाड़ कंपाने वाली हवाओं के बीच फंस गया था।

पुलिस और होमगार्ड की क्यूआरटी टीम ने चलाया राहत अभियान

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसपी किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने पुलिस और होमगार्ड की 10 सदस्यीय संयुक्त टीम तुरंत रवाना की। बचाव दल ने चुनौतीपूर्ण मौसम और विषम परिस्थितियों के बीच अभियान चलाया। सभी 16 यात्रियों सहित 10 पोर्टर और गाइड को सुरक्षित नीचे पहुंचाया गया।

बचाए गए दल में नौ श्रद्धालु राजस्थान और सात गुजरात के रहने वाले हैं। एसपी सुशील कुमार शर्मा ने पर्यटकों से अपील की है कि वे बंद यात्रा पर बिल्कुल न जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी कर अनधिकृत ट्रैकिंग कराने वाले गाइडों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News