Kinnaur News: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले किन्नौर के ऊंचाई वाले इलाकों में इस सर्दी के मौसम की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। वहीं, जिला मुख्यालय रिकांगपिओ समेत निचले हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। अचानक बदले इस मौसम के कारण पूरे जिले के तापमान में भारी गिरावट आई है।
सीमांत गांवों में बिछी बर्फ की सफेद चादर
शनिवार सुबह से ही मौसम के मिजाज में अचानक बड़ा बदलाव देखने को मिला। जिले के ऊंचाई पर स्थित सीमांत गांवों छितकुल और कुन्नू-चरंग में ताजा बर्फबारी हुई है। इसके विपरीत भावानगर, रिकांगपिओ और टापरी जैसे क्षेत्रों में झमाझम बारिश हो रही है, जिससे घाटी में कड़ाके की ठंड का असर बढ़ गया है।
मौसम के इस रुख ने स्थानीय सेब बागवानों की मुश्किलें काफी बढ़ा दी हैं। वर्तमान में किन्नौर के कल्पा और पूह विकास खंडों में सेब तुड़ाई का सीजन अपने चरम पर है। खराब मौसम से सेब तोड़ने का कार्य रुक गया है और तैयार फसल को मंडियों तक सुरक्षित पहुंचाना भी बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है।
बागवानों को चिंता है कि यदि पारा और नीचे गिरा, तो पेड़ों पर लदे सेब की भारी फसल को नुकसान पहुंचेगा। हालांकि, राहत की बात है कि जिले के सभी प्रमुख मार्ग यातायात के लिए खुले हैं और किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। बढ़ती ठंड के चलते लोग गर्म कपड़े पहनने पर मजबूर हो गए हैं।