Kangra News: हिमाचल प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष और विधायक पवन काजल ने खोली ग्राम पंचायत में 27 महिला समूहों को वित्तीय सहायता दी है। उन्होंने विधायक निधि से हर समूह को 20 हजार रुपये के हिसाब से कुल 5.40 लाख रुपये सौंपे। साथ ही उन्होंने महिलाओं से नशे के खिलाफ आगे आने को कहा।
विधायक ने कहा कि यह राशि महिला समूह अपनी दैनिक गतिविधियों और जरूरी सामान खरीदने में खर्च कर सकते हैं। एक जनसभा में उन्होंने कहा कि परिवार और समाज की तरक्की में महिलाओं का बड़ा हाथ है। उन्होंने इलाके के संपूर्ण विकास के लिए सभी महिलाओं से एकजुट होकर आगे कदम बढ़ाने की अपील की।
चुनावी वादों को लेकर कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
पवन काजल ने प्रदेश की मौजूदा सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये देने के वादे पर धोखा दिया गया। इसके अलावा आम जनता को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की चुनावी गारंटी भी सरकार ने अभी तक पूरी नहीं की है।
विधायक ने बताया कि खोली पंचायत में 2.5 करोड़ रुपये की लागत से पानी के स्टोरेज टैंक बनाए गए हैं। इसके साथ ही साढ़े तीन किलोमीटर लंबी और तीन इंच मोटी मुख्य पाइपलाइन बिछाने का काम जारी है। उन्होंने कहा कि हलके की बाकी पंचायतों में भी महिला समूहों को ऐसी मदद मिलेगी।
